{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राशन कार्डधारकों को राहत, अब यूपी में राशन वितरण की अंतिम तारीख बढ़ी

 

जिले में राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से अक्टूबर महीने के खाद्यान्न वितरण की तारीख बढ़ाकर अब 30 अक्टूबर कर दी गई है। पहले राशन वितरण की अवधि 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक निर्धारित थी, लेकिन कुछ दुकानों पर समय से गेहूं और चावल उपलब्ध नहीं होने के कारण शासन ने यह अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।

जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण बल्लभ सिंह ने बताया कि वितरण की तारीख बढ़ाने का उद्देश्य सभी पात्र राशन कार्डधारकों तक निर्धारित खाद्यान्न पहुंचाना है, ताकि कोई भी लाभार्थी राशन पाने से वंचित न रह जाए। जिन कार्डधारकों को अब तक अक्टूबर महीने का राशन नहीं मिला है, वे 30 अक्टूबर तक अपनी उचित दर की दुकान पर जाकर निःशुल्क गेहूं और चावल प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी कोटेदार की दुकान पर पहुंचकर राशन ले लें। साथ ही उचित दर विक्रेताओं को भी निर्देशित किया गया है कि वे वितरण व्यवस्था सुचारु रखें और पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराएं।

ध्यान दें: अक्टूबर महीने के राशन वितरण की बढ़ी हुई अवधि 30 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी। ऐसे में जिन लाभार्थियों ने अभी तक राशन नहीं लिया है, वे समय रहते अपना खाद्यान्न प्राप्त कर लें।