{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अंबेडकर जयंती पर मदारी पासी के बलिदान को किया याद, बोले कमलेश पासवान- क्रांतिवीरों की मशाल बुझने न दें

 

हरदोई: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पासी समाज के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री एवं बांसगांव लोकसभा सांसद कमलेश पासवान शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अशोक रावत ने की, जबकि संचालन जय प्रकाश रावत द्वारा किया गया। इस दौरान अतिथियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

“पासी समाज का उत्थान मेरा लक्ष्य”

कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि पासी समाज और अंबेडकरवादी विचारधारा से जुड़े लोगों का उत्थान उनके जीवन का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सभी भारतीयों को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

क्रांतिवीरों के बलिदान को किया नमन

उन्होंने हरदोई की धरती से जुड़े महान योद्धाओं, मदारी पासी, महाराज बिजली पासी, सुहेलदेव पासी, ऊदा देवी पासी और लाखन पासी—के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन महान हस्तियों ने समाज को जागृत करने का काम किया।

“जलाई गई मशाल बुझने न दें”

कमलेश पासवान ने भावुक अंदाज में कहा कि पासी समाज के क्रांतिवीरों ने जो जागरूकता और संघर्ष की मशाल जलाई थी, उसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, “हमने जो दिया जलाया है, उसे आप सभी मिलकर बुझने न दें।”

सरकार की योजनाओं का भी किया जिक्र

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने बाबा साहब को उचित सम्मान दिलाने का काम किया है। साथ ही प्रधानमंत्री की “लखपति दीदी” योजना का जिक्र करते हुए बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।