{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सहारनपुर : पत्नी को मेरा शव छूने मत देना...भांजी को व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर 52 साल के क्लर्क ने खुद को मारी गोली

 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक 52 वर्षीय डिग्री कॉलेज क्लर्क ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार शाम सरसावा थाना क्षेत्र के रेलवे रोड इलाके की है। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपनी भांजी को व्हाट्सऐप पर एक भावनात्मक संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने गहरे मानसिक और भावनात्मक कष्ट का जिक्र किया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान देवदत्त शर्मा (52) के रूप में हुई है। वह एक डिग्री कॉलेज में क्लर्क थे और नौकरी के साथ अपने घर के पीछे एक जिम भी चलाते थे।


घर लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम देवदत्त शर्मा जिम से घर लौटे। कुछ देर बाद घर के अंदर गोली चलने की आवाज आई। पत्नी दौड़कर कमरे में पहुंचीं तो देखा कि वह गंभीर रूप से घायल पड़े थे। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

व्हाट्सऐप पर भेजा अंतिम संदेश

पुलिस को जानकारी मिली है कि आत्महत्या से पहले देवदत्त ने अपनी भांजी को व्हाट्सऐप पर एक संदेश भेजा था। संदेश में उन्होंने लगातार हो रहे अपमान और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया। साथ ही अंतिम संस्कार को लेकर भी अपनी कुछ इच्छाएं लिखीं। पुलिस इस संदेश की जांच कर रही है।


परिवार में पत्नी और दो बेटे

देवदत्त शर्मा की शादी करीब 33 वर्ष पहले हुई थी। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विदेश में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहा है।


पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस व्हाट्सऐप संदेश, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.