{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मुझे सैल्यूट करो...खुद को IPS बताकर झाड़ रहा था रौब, बन का पैसा मांगने पर खुली पोल, पुलिस ने धर दबोचा फर्जी अफसर

 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के महानगर क्षेत्र में सोमवार रात एक शख्स को खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर रौब झाड़ना भारी पड़ गया। 40 रुपये का बन खाने के बाद भुगतान को लेकर हुए विवाद में उसने खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बताया और मौके पर पहुंची पुलिस से सैल्यूट करने की मांग करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, महानगर के गोल चौराहे स्थित एक दुकान पर लाल रंग की कार आकर रुकी। कार में चार लोग सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और 40 रुपये का बन खाया। जब भुगतान की बात आई तो उसने दुकानदार से उसका नाम और दुकान की जानकारी पूछनी शुरू कर दी।

दुकानदार ने बताया कि दुकान उसके रिश्तेदार की है। इस पर वह व्यक्ति बिना पैसे दिए कार में जाकर बैठ गया और कहने लगा कि "रुको, अभी बताता हूं तुम्हें।" इसी दौरान दुकान का एक कर्मचारी क्यूआर कोड लेकर भुगतान लेने पहुंचा, लेकिन आरोपी पैसे देने के बजाय बहस करता रहा।

स्थिति बिगड़ती देख दुकानदार ने डायल-112 पर सूचना दे दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने कार सवार लोगों से नीचे उतरने को कहा। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट और चश्मा पहने व्यक्ति ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए कहा, "मैं नोएडा से आया हूं, मुझे सैल्यूट करो।"

पुलिसकर्मियों ने जब उससे पहचान पत्र मांगा तो वह उल्टा उनसे नाम पूछकर रौब झाड़ने लगा। उसके व्यवहार से संदेह होने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। इसी बीच एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और आरोपी को हिरासत में लेने का निर्देश दिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मिथलेश शुक्ला (40) निवासी भारतनगर, थाना मड़ियांव के रूप में हुई। वह लगातार खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बताता रहा, लेकिन कोई वैध पहचान या दस्तावेज नहीं दिखा सका।

महानगर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उसके दावों की भी पड़ताल की जा रही है।