{"vars":{"id": "130921:5012"}}

संभल : कबाड़ी 30 हजार की वसूली के आरोप में एसओजी की पूरी टीम निलंबित, प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

 


संभल में कबाड़ी से कथित वसूली और जबरन कबाड़ रोकने के आरोप में पुलिस अधीक्षक Krishna Kumar Bishnoi ने सख्त कार्रवाई करते हुए एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की पूरी टीम को निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रभारी समेत कुल आठ लोग शामिल हैं। मामले की जांच सीओ Alok Kumar Bhati से कराई गई थी, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद रविवार को निलंबन की कार्रवाई की गई। एसओजी का नया प्रभारी बोबिंद्र शर्मा को बनाया गया है।

30 हजार वसूली और धातु रोकने का आरोप

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के बिलारी निवासी कबाड़ी जफरूद्दीन अपने बेटे आस मोहम्मद के साथ 2 फरवरी की रात करीब 9 बजे मोबाइल प्लेट का कबाड़ लेकर संभल के लाडम सराय की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में एसओजी टीम ने उनकी बाइक रोक ली और उन्हें संभल कोतवाली क्षेत्र की चौधरी सराय पुलिस चौकी ले जाया गया।

बताया गया कि बिचौलियों के हस्तक्षेप के बाद मामला निपटाया गया और पिता-पुत्र को छोड़ने के एवज में 30 हजार रुपये वसूले गए। साथ ही मोबाइल प्लेट गलाने से निकली धातु को भी टीम ने अपने पास रोक लिया।

धातु लौटाने के लिए भी मांगे पैसे

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अगले दिन जब उन्होंने टीम से संपर्क कर धातु वापस करने की बात कही, तो 40 हजार रुपये की मांग की गई, जबकि कट्टे में रखी धातु की कीमत भी करीब 40 हजार रुपये ही थी। इसके बाद शिकायत सीधे एसपी तक पहुंची।

जांच में सही पाए गए आरोप

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाई गई है। इसके आधार पर प्रभारी एसआई मोहित चौधरी, हेड कांस्टेबल कुलवंत, अरशद, कांस्टेबल अजनबी, आयुष, विवेक, बृजेश और हिरेश को निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

 बड़े मामलों में भी रही थी नाकामी

निलंबित एसओजी टीम पहले भी कई चर्चित मामलों में आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही थी। जुनावई थाना क्षेत्र में भाजपा नेता गुलफाम सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी टीम की पकड़ से बाहर रहा और बाद में बदायूं कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

इसी तरह धनारी थाना क्षेत्र में दो भाइयों की हत्या के आरोपी भी लंबे समय तक फरार रहे और बाद में कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। कैलादेवी थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के लापता होने के मामले में भी टीम कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी थी।

एसपी ने साफ किया है कि पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई जारी रहेगी।