UP में प्रचंड गर्मी का कहर : 26 जिलों में पारा 40°C पार, इन शहरों में हीटवेव अलर्ट
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। सोमवार को प्रदेश के 26 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और कम हवा के कारण उमस बढ़ गई, जिससे सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज के लिए प्रचंड गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद और रामपुर में गर्म रातें रहने की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वी यूपी के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना है।
बांदा बना हॉटस्पॉट
पिछले 24 घंटे में बांदा देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6°C दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को यहां 45.4°C के साथ एशिया का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया था।
जानवर भी बेहाल
गर्मी का असर जानवरों पर भी दिख रहा है। गोरखपुर चिड़ियाघर में बाघ तालाब से बाहर नहीं निकल रहे, जबकि पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बारहसिंगा पानी में समय बिता रहे हैं।
क्यों तपता है बांदा?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बांदा कर्क रेखा के करीब स्थित है, जहां सूर्य की किरणें सीधे पड़ती हैं। साथ ही राजस्थान से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं (लू) बिना किसी बाधा के यहां पहुंचती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है।
वाराणसी में टूटा रिकॉर्ड
वाराणसी में अप्रैल के पहले पखवाड़े में 14 साल बाद तापमान 40°C के पार पहुंचा है। यहां पारा 42.8°C दर्ज किया गया, जबकि 2010 में 46.7°C का रिकॉर्ड दर्ज है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 21 अप्रैल: तेज धूप, गर्मी में बढ़ोतरी
- 22 अप्रैल: पूरे प्रदेश में लू जैसे हालात
- 23 अप्रैल: उमस और तेज धूप
- 24 अप्रैल: कई जगह लू चलने की संभावना
- 25 अप्रैल: शुष्क मौसम, गर्म हवाएं जारी