UP में मानसून का जोरदार कमबैक, लखनऊ समेत 10 शहरों में बारिश, 75 जिलों में अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार सुबह से राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, बरेली समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि अधिकांश शहरों में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 31 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बलिया में सरयू नदी खतरे के निशान के करीब
लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है, जिससे करीब 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। नदी किनारे तेज कटान भी हो रही है। कटान के चलते एक मकान कुछ ही सेकंड में नदी में समा गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मकान के भीतर कोई मौजूद नहीं था।
वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में बढ़ा जलस्तर
कानपुर में गंगा नदी चेतावनी स्तर तक पहुंच गई है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने गंगा में बोटिंग पर रोक लगा दी है।
वहीं वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की कई सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। प्रयागराज के संगम क्षेत्र में प्रशासन लगातार माइक से लोगों को नदी से दूर रहने की अपील कर रहा है। मथुरा-वृंदावन में भी यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
गोरखपुर में 6 घंटे में 110 मिमी बारिश
शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई। गोरखपुर में महज छह घंटे में 110 मिमी बारिश होने से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। कई कॉलोनियों और घरों में पानी भर गया। जिला अस्पताल की ओपीडी तक में पानी घुस गया। वहीं, बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई।
24 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और झारखंड की ओर बढ़ रहे मौसम तंत्र के कारण मानसूनी हवाएं दोबारा उत्तर प्रदेश की ओर सक्रिय हुई हैं। इसी वजह से पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।