{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मंडप की जगह थाने पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने किया शादी से इंकार, वजह जानकर चौंक जाएंगे आप 

 

बरेली के कैंट इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां बग्घी पर बैठे दूल्हे को झपकी आ जाने से शादी टूट गई। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया। वहीं बाद में दुल्हन के पिता ने दहेज मांग का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कैंट सदर बाजार निवासी युवती की शादी प्रेमनगर क्षेत्र की नई बस्ती निवासी युवक से करीब आठ महीने पहले तय हुई थी। मई महीने में शहर के एक बड़े होटल में दोनों की सगाई भी हुई थी। शुक्रवार रात वर पक्ष बरात लेकर सदर बाजार पहुंचा, जहां लड़की पक्ष ने पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया।

बरात चढ़ने के दौरान दूल्हा बग्घी पर बैठा हुआ झपकी लेने लगा। इस दौरान उसके सोते हुए वीडियो और फोटो भी बन गए। इसे लेकर दुल्हन पक्ष भड़क गया और दूल्हे को शराबी बताते हुए शादी से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि दूल्हे के मोटापे को लेकर दुल्हन पहले से ही शादी को लेकर असमंजस में थी।

मामले की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पुलिस दूल्हे, उसके पिता और कुछ खास बरातियों को थाने ले आई, जहां वे करीब 15 घंटे तक रहे। शनिवार को दिनभर दुल्हन पक्ष के न आने पर पुलिस ने दूल्हा पक्ष को छोड़ दिया।

शनिवार शाम को दुल्हन के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शगुन से लेकर लगन तक उन्होंने कई लाख रुपये खर्च किए। उनका कहना है कि फेरों से पहले वर पक्ष ने 20 लाख रुपये और एक कार की मांग की। आधी रात में कार न मिलने पर नकद भुगतान की बात कही गई। उन्होंने बिचौलिये पर भी गुमराह करने का आरोप लगाया है।

वहीं दूल्हे और उसके पिता ने दहेज मांग के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। दूल्हे के पिता का कहना है कि उनका बेटा मोटा जरूर है, लेकिन नशा नहीं करता। बग्घी पर झपकी थकान की वजह से आ गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़के के मोटापे को लेकर कुछ लोगों ने दुल्हन पक्ष को भड़का दिया, जिसके चलते शादी से इनकार किया गया।

कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में न तो नशे की पुष्टि हुई है और न ही दहेज मांग के ठोस सबूत मिले हैं। दूल्हा पक्ष बिना दहेज के शादी के लिए तैयार था, लेकिन दुल्हन पक्ष पीछे हट गया। मामले में उच्चाधिकारियों से सलाह लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।