मानसून गया, लेकिन बारिश अभी बाकी! यूपी के इन जिलों में आज बरसेंगे बादल, तापमान में आएगी गिरावट
उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 की पूरी तरह विदाई हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आसमान साफ होने, सतह पर उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव तथा वायुमंडलीय नमी में कमी के चलते 3 अक्टूबर को मानसून ने प्रदेश के बाकी हिस्सों से भी अलविदा कह दिया।
हालांकि, मानसून की विदाई के बाद भी मौसम पूरी तरह शुष्क नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वाराणसी और बलिया समेत करीब 10 जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं।
95 दिन रहा मानसून का असर
इस साल उत्तर प्रदेश में मानसून की कुल अवधि करीब 95 दिन रही। पूरे सीजन में प्रदेश में सामान्य से 8 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश चित्रकूट में हुई, जहां कुल 1358.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के 14 जिलों में बारिश का आंकड़ा 1000 मिलीमीटर से अधिक रहा।
राजधानी लखनऊ में भी सामान्य से ज्यादा बारिश हुई। यहां दीर्घावधि औसत की तुलना में 8 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई और कुल 802.9 मिलीमीटर वर्षा हुई।
12 दिन की देरी से यूपी पहुंचा था मानसून
इस साल मानसून को सामान्य तौर पर 18 जून तक उत्तर प्रदेश पहुंचना था, लेकिन इसकी एंट्री 12 दिन की देरी से हुई। मानसून 30 जून को प्रदेश पहुंचा और 2 जुलाई तक पूरे राज्य में सक्रिय हो गया था।
इसके बाद मानसून की वापसी की प्रक्रिया 23 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू हुई। धीरे-धीरे यह प्रदेश के अन्य हिस्सों से पीछे हटता गया और 3 अक्टूबर को पूरी तरह विदा हो गया।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भी सामान्य से ज्यादा बारिश
1 जून से 30 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में कुल मौसमी बारिश सामान्य श्रेणी में रही। प्रदेश में इस अवधि के दौरान दीर्घावधि औसत 746.2 मिलीमीटर के मुकाबले कुल 802.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 8 फीसदी अधिक है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में दीर्घावधि औसत 799.2 मिलीमीटर के मुकाबले 817.0 मिलीमीटर बारिश हुई, यानी यहां सामान्य से 2 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश सामान्य से काफी ज्यादा रही। यहां दीर्घावधि औसत 672.0 मिलीमीटर के मुकाबले 782.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 16 फीसदी अधिक है।
मानसून की विदाई के साथ अब प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगेगा। तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने की संभावना है।