यूपी में 16 नवंबर से शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण, इस बार जाति से लेकर पढ़ाई-पेशा तक पूछे जाएंगे 40 सवाल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना सिर्फ घर में रहने वाले लोगों की संख्या तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि परिवार से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी दर्ज की जाएंगी। इसमें परिवार के सदस्यों की पढ़ाई, कामकाज, रहन-सहन और सामाजिक-आर्थिक स्थिति के साथ जाति से जुड़ी जानकारी भी शामिल होगी।
16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना
दूसरे चरण में लोगों को अपना परिवार का विवरण खुद ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना का मौका मिलेगा। इस दौरान लोग जनगणना के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपने परिवार और उसमें रहने वाले सदस्यों की जानकारी खुद भर सकेंगे।
इस फॉर्म में परिवार के सदस्यों की बुनियादी जानकारी के अलावा उनकी शैक्षणिक योग्यता, पेशा, रहने की स्थिति और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित करीब 40 तरह की जानकारियां दर्ज की जाएंगी।
पहली बार जाति की जानकारी भी होगी शामिल
इस बार जनगणना में जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित अन्य विवरणों के साथ जाति की जानकारी भी फॉर्म में शामिल होगी। इसके जरिए देश और प्रदेश में लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े आंकड़े तैयार करने में मदद मिलेगी।
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे और उसका सत्यापन करेंगे। जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्वगणना के जरिए अपना विवरण दर्ज कर दिया होगा, उनकी जानकारी आईडी के आधार पर आगे की प्रक्रिया में शामिल की जाएगी।
वहीं, जो परिवार स्वगणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर पहुंचकर जनगणना कर्मी आवश्यक जानकारी खुद दर्ज करेंगे। इस दौरान परिवार के सदस्यों से संबंधित सभी जरूरी विवरण लिए जाएंगे।
सही जानकारी देना जरूरी
जनगणना अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि फॉर्म में मांगी गई जानकारी सही और पूरी दर्ज करें। साथ ही निर्धारित समय के भीतर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, जनगणना के दौरान लोगों से प्राप्त जानकारी को गोपनीय रखा जाएगा और इसका इस्तेमाल निर्धारित जनगणना प्रक्रिया के तहत ही किया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में आपके घर भी जनगणना टीम पहुंच सकती है, इसलिए परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारी तैयार रखना उपयोगी होगा।