UP में बदल रहा मौसम का मिजाज, अब गिरेगा पारा, दिन में धूप और रात में बढ़ेगी ठंड
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। बारिश की गतिविधियां थमने के बाद अब तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सात दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्माहट बनी रह सकती है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भी मौसम का रुख कुछ ऐसा ही रहा। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हुआ, जबकि रात में तापमान गिरने से मौसम सुहावना बना रहा।
सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक, दिन में निकलेगी धूप
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने और धूप निकलने का सिलसिला जारी रह सकता है। बारिश की संभावना कम रहने के बीच दिन के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं। वहीं, रात के पारे में कमी से सुबह और देर शाम ठंडक का एहसास बढ़ सकता है।
मौसम में हो रहे इस बदलाव के चलते लोगों को दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस होगा। दिन में जहां धूप के कारण हल्की गर्मी रह सकती है, वहीं सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने की संभावना है।
हरदोई में रही प्रदेश की सबसे ठंडी रात
प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का असर कई जिलों में देखने को मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरदोई में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री और मेरठ में 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
फिलहाल प्रदेश में बारिश के आसार कम हैं और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम की हल्की ठंडक और दिन की धूप के बीच मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।