{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मऊ में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित रोडवेज बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, तीन की मौत, सात घायल

 

मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर मोड़ पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित रोडवेज बस ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा शीतला मंदिर मोड़ के पास सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान दूसरी दिशा से तेज रफ्तार और अनियंत्रित रोडवेज बस आई और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान

हादसे में जिन तीन महिलाओं की मौत हुई, उनकी पहचान महजबीन, पत्नी रफीक अहमद, नूरी, पत्नी तौकीर अहमद, शाहीन, पत्नी तौहीद अहमद ये तीनों सलेमपुर, देवरिया की निवासी बताई जा रही हैं।

शादी समारोह में जा रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, सभी लोग नगर के पहाड़पुरा से ई-रिक्शा में सवार होकर प्यारे का पूरा में एक शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में ही यह बड़ा हादसा हो गया।

प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी अनूप कुमार, दक्षिण टोला थाना अध्यक्ष और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। बस और ई-रिक्शा को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

इस हादसे से इलाके में मातम पसर गया है और प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।