आजमगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार, तीन की मौत, 6 किशोर घायल
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब फूलपुर की तरफ से सरायमीर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
बताया जा रहा है कि कार में कुल नौ किशोर सवार थे, जिनकी उम्र करीब 16 से 17 वर्ष के बीच थी। सभी फूलपुर कस्बे में गणेश पंडाल की सजावट का काम कर रहे थे। देर रात तक पंडाल में काम करने के बाद सभी ने सरायमीर जाकर चाय पीने का प्लान बनाया। इसके बाद मंगलवार की सुबह करीब 4:30 बजे सभी कार से सरायमीर के लिए रवाना हुए।
अभी वे कुछ ही दूर पहुंचे थे कि अचानक कार अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में फंसे किशोरों को बाहर निकालने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में 17 वर्षीय सत्यम मोदनवाल पुत्र नाटे मोदनवाल, 17 वर्षीय निखिल मद्धेशिया पुत्र राम फेर और लकी सोनकर पुत्र अखिल सोनकर की मौत हो गई। वहीं सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर समेत अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं। फिलहाल दो घायल सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर का उपचार चल रहा है।
सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि फूलपुर की ओर से स्विफ्ट डिजायर कार में नौ लोग सवार होकर सरायमीर की तरफ जा रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।