UP Election 2027: अखिलेश ने बताया NDA के सहयोगियों का सीट फॉर्मूला, मंत्री आशीष पटेल ने किया पलटवार, बोले- ‘2027 में जनता देगी जवाब’
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों के बीच संभावित सीट बंटवारे को लेकर बड़ा दावा किया है। अखिलेश यादव ने ‘सूत्रों’ के हवाले से कहा कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए सहयोगी दलों को साथ बनाए रखने के लिए सीटों के बंटवारे की रणनीति पर काम कर रही है।
अखिलेश यादव के मुताबिक, कथित सीट बंटवारे के फॉर्मूले में आरएलडी को 73, सुभासपा को 39, निषाद पार्टी को 31 और अपना दल को 19 सीटें दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, यह दावा अभी तक किसी आधिकारिक घोषणा या भाजपा की ओर से पुष्टि के तौर पर सामने नहीं आया है।
आशीष पटेल ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अखिलेश यादव के इस दावे पर अपना दल (एस) के नेता और योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अपना दल सोशल मीडिया पर ट्वीट और रीट्वीट की राजनीति करने में विश्वास नहीं रखता, बल्कि जमीन पर जनता के बीच काम करने और गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में भरोसा करता है।
आशीष पटेल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि शायद इसी हकीकत से परेशान होकर वह अफवाहों को सच साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। आशीष पटेल ने कहा कि जनता सब देख रही है और चुनाव में अपना स्पष्ट जनादेश देगी।
अखिलेश ने भाजपा पर लगाए कई आरोप
अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने भाजपा की कथित सीट बंटवारे की रणनीति पर सवाल उठाते हुए इसे पीडीए की आबादी के अनुपात में अपर्याप्त बताया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का यह फॉर्मूला सफल नहीं होगा। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, भर्ती, स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
अखिलेश यादव ने 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई भर्तियों में आरक्षण को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने अग्निवीर योजना, बुलडोजर कार्रवाई, पुलिस हिरासत में मौत, भ्रष्टाचार और सरकारी संस्थानों की स्थिति जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट के अंत में दावा किया कि जनता भाजपा को नकारने का मन बना चुकी है। उन्होंने लिखा कि “जन-जन कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।” अखिलेश यादव के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर भाजपा-एनडीए और सपा के बीच जुबानी जंग तेज होती दिखाई दे रही है। विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन दोनों खेमों की तैयारियों और बयानबाजी से साफ है कि यूपी का चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म हो रहा है।