UP IPS Transfer: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 IPS अफसरों का तबादला, इन 4 जिलों के पुलिस कप्तान बदले
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए सात आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फैसले के तहत प्रदेश के चार जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
सरकार ने बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. बृजेश कुमार सिंह को उनके पद से हटाकर एसपी लॉजिस्टिक्स की जिम्मेदारी सौंप दी है। वहीं फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह को डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
इसके साथ ही कासगंज की एसपी अंकिता शर्मा को बदायूं का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में भदोही के एसपी अभिमन्यु मांगलिक को फतेहपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
कई जिलों में नए पुलिस कप्तान तैनात
तबादलों की इस सूची में कुछ अन्य अहम नियुक्तियां भी की गई हैं। गोरखपुर में एएसपी नगर के पद पर तैनात अभिनव त्यागी को अब भदोही का एसपी बनाया गया है। वहीं गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में एडीसीपी के पद पर तैनात पाटिल निमिष दशरथ को गोरखपुर का नया एएसपी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा एसपी लॉजिस्टिक्स ओम प्रकाश सिंह प्रथम को कासगंज का नया एसपी बनाया गया है। इन नियुक्तियों के बाद प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन की कमान नए अधिकारियों के हाथ में आ गई है।
इससे पहले IAS और PCS अफसरों के भी हुए तबादले
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य सरकार ने सात आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए थे। इस प्रशासनिक फेरबदल में आईएएस प्रकाश बिंदु को सचिव लोक निर्माण विभाग से हटाकर सचिव गृह बनाया गया है।
वहीं आईएएस डॉ. लोकेश एम को सचिव लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। महेंद्र प्रसाद को विशेष सचिव उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय विभाग बनाया गया है, जबकि नीना शर्मा को प्रमुख सचिव सार्वजनिक उद्यम विभाग और महानिदेशक सार्वजनिक उद्यम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की निदेशक थीं।
इसके अलावा संजय कुमार को महानिदेशक सार्वजनिक उद्यम से हटाकर निदेशक उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी बनाया गया है। रघुबीर को विशेष सचिव धर्मार्थ कार्य से विशेष सचिव दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग भेजा गया है। वहीं आशीष कुमार को राज्य पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक पद के साथ विशेष सचिव धर्मार्थ कार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
चार पीसीएस अधिकारियों का भी हुआ ट्रांसफर
राज्य सरकार ने आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ चार पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। झांसी स्थित बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी को कुशीनगर का एडीएम न्यायिक बनाया गया है।
इसी तरह एसडीएम वेद प्रिय आर्य को जालौन से मथुरा एडीएम न्यायिक पद पर भेजा गया है। एसडीएम प्रदीप कुमार द्वितीय का तबादला झांसी से गोंडा किया गया है। वहीं मथुरा के एडीएम न्यायिक सुरेंद्र कुमार को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।