UP MLC चुनाव: 11 सीटों पर मतगणना शुरू, 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सात केंद्रों पर वोटों की गिनती कराई जा रही है। मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के जरिए पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। इन सीटों पर चुनाव लड़ रहे 152 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला आज होने की उम्मीद है।
23 अक्टूबर को इन 11 सीटों के लिए मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 55.24 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। मतगणना के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में केंद्र बनाए गए हैं।
वाराणसी में 224 कर्मी मतगणना में तैनात
वाराणसी के पहाड़िया मंडी स्थित मतगणना केंद्र पर स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनावों के वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। मतगणना को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक चुनाव के लिए 15 टेबल लगाए गए हैं। वहीं, मतगणना ड्यूटी में कुल 224 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सबसे ज्यादा मतदान
23 अक्टूबर को हुए मतदान में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 79.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा खंड में सर्वाधिक 51 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके विपरीत लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 38.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अब सभी की निगाहें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं। इन 11 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतगणना पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।