{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP News: 3 करोड़ किसान परिवारों के लिए राहत पैकेज लाएगी योगी सरकार, महिलाओं को भी मिलेगी खास सौगात

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में किसानों और महिलाओं के लिए योगी सरकार जल्द ही दो बड़े पैकेज लाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इसका ऐलान किया। प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम के कारण फसल बर्बाद होने से परेशान किसानों को राहत देने के लिए विशेष पैकेज तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे प्रदेश के करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को फायदा मिल सकता है। वहीं, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी अलग से विशेष पैकेज लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद प्रदेश के किसानों और महिलाओं को सरकार के अगले फैसले का इंतजार है। हालांकि, दोनों पैकेजों की आर्थिक सहायता और पात्रता को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

3 करोड़ किसान परिवारों के लिए राहत पैकेज की तैयारी

प्रदेश में हाल के दिनों में बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते कई इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में किसानों को राहत देने के लिए सरकार विशेष पैकेज लाने जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उन्हें राहत देने के लिए सरकार जल्द बड़ा कदम उठाएगी। इस पैकेज के दायरे में करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को शामिल करने की तैयारी है।

हालांकि, किसानों को कितनी आर्थिक सहायता मिलेगी, किन फसलों को इसमें शामिल किया जाएगा और लाभ पाने के लिए क्या शर्तें होंगी, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

महिलाओं के लिए भी आएगा विशेष पैकेज

किसानों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने महिलाओं को लेकर भी बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार जल्द विशेष पैकेज लेकर आएगी।

मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी और बीसी सखी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब आर्थिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाएं परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को संभालने के साथ बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

नए महिला पैकेज में किस तरह की आर्थिक मदद या सुविधाएं मिलेंगी, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय

किसानों और मजदूरों को राहत देने के लिए सरकार प्रदेश की प्रमुख कृषि मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करने जा रही है। यहां किसानों और श्रमिकों को मामूली टोकन राशि देकर भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस व्यवस्था से मंडियों में अपनी उपज बेचने आने वाले किसानों और निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य है कि मेहनतकश लोगों को कम कीमत पर सम्मानजनक भोजन मिल सके।

दिवाली पर 1.89 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सब्सिडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को भी दिवाली का तोहफा दिया है। उन्होंने गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण अभियान की शुरुआत की।

इसके तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र उज्ज्वला परिवारों को लाभ पहुंचाने की योजना है। इस पर सरकार करीब 1,500 करोड़ रुपये खर्च करेगी। योजना के तहत पात्र परिवारों को साल में दो बार गैस रिफिल सब्सिडी दी जाती है। एक बार दिवाली और दूसरी बार होली के अवसर पर।

खाद की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

किसानों को खाद की किल्लत से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी और निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने उपज की पारदर्शी तौल और खरीद प्रक्रिया में किसानों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अब पैकेज की विस्तृत घोषणा का इंतजार

योगी सरकार के इन ऐलानों से प्रदेश के करोड़ों किसान परिवारों और महिलाओं की उम्मीदें बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा नजर इस बात पर है कि किसानों को राहत पैकेज के तहत कितनी आर्थिक सहायता मिलेगी और महिलाओं के लिए घोषित विशेष पैकेज में कौन-कौन सी सुविधाएं शामिल होंगी।

फिलहाल सरकार की ओर से दोनों पैकेजों की पूरी रूपरेखा सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें सरकार की अगली घोषणा पर टिकी हैं।