{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भीषण गर्मी से यूपी बेहाल : पारा 47°C पार, 60 जिलों में लू का अलर्ट

 
UP Weather : उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। अप्रैल महीने में ही लोगों को जून जैसी तपिश महसूस हो रही है। कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सोमवार सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है।

60 जिलों में लू का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 60 जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। वहीं 14 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज से पश्चिमी यूपी में मौसम बदलना शुरू होगा। बारिश का यह सिलसिला धीरे-धीरे पूर्वी यूपी तक पहुंचेगा, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

बांदा लगातार सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 46.8°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शनिवार को बांदा का तापमान 47.4°C पहुंच गया था, जो दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।

वहीं ललितपुर में रविवार दोपहर तेज आंधी और बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली।

वाराणसी के सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां कोल्ड रूम बनाया गया है और मरीजों के लिए अलग बेड व बाथ टब की व्यवस्था की गई है।

अगले 5 दिन में तापमान घटने के आसार

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू होगा।

उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को लू और गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।