UP Weather :यूपी में बढ़ी सर्दी, अयोध्या रहा सबसे ठंडा, अगले 48 घंटों में और लुढ़केगा पार
UP Weather : उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई शहर कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। हालात ऐसे हैं कि रात का पारा लगातार नीचे लुढ़क रहा है। सबसे ज्यादा ठंड अयोध्या में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि यह ठंड की सिर्फ शुरुआत है, अभी ठिठुरन और बढ़ेगी। अगले 48 घंटे बाद न्यूनतम तापमान में दोबारा गिरावट देखने को मिल सकती है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 8 दिसंबर को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। सुबह और देर रात हल्का से मध्यम कोहरा कई जिलों में छाया रह सकता है। हालांकि अभी तक कोल्डवेव या कोहरे को लेकर किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद, बीते 24 घंटे में कई जिलों में दृश्यता 600 मीटर तक पहुंचने वाला घना कोहरा देखने को मिला।
शाम होते ही बढ़ेगी ठंड और गलन
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि सोमवार की सुबह यूपी के कई जिलों में कोहरा छाया रहेगा। मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, आगरा, इटावा, कन्नौज, झांसी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, हरदोई, कासगंज, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, महाराजगंज, सोनभद्र, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, उन्नाव, कौशाम्बी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, रामपुर और बरेली में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।
कुछ जिलों में दृश्यता 500–600 मीटर तक घट सकती है।
लखनऊ में आज 11 डिग्री रहेगा न्यूनतम तापमान
राजधानी लखनऊ में भी सोमवार की सुबह हल्का कोहरा छाने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलेगी, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाएं फिर से गलन बढ़ा देंगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
वहीं, नोएडा में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।