{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : कल से एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, आज 9 जिलों में आज आंधी-बरसात का अलर्ट

 

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मंगलवार तड़के आगरा में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब एक घंटे तक चली तेज बारिश और हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। प्रमुख चौराहों और सड़कों पर लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया, जबकि कई कॉलोनियों में घरों के अंदर तक पानी घुस गया।

बारिश के चलते कई जगह सड़कें भी धंस गईं। आवास विकास सेक्टर-4 के पास फुटपाथ धंसने से करीब 25 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिसमें ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली समा गई। वहीं सड़क किनारे खड़े कुछ वाहन भी गड्ढों में पलट गए। छीपीटोला इलाके में एक मकान गिरने की भी सूचना है।

अधिकांश जिलों में खिली धूप, गर्मी से राहत बरकरार

हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। हवा में नमी रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

इस बार नौतपा का असर भी फीका पड़ता दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के कारण तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जहां 25 मई को प्रदेश का अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर करीब 38 डिग्री सेल्सियस रह गया है।

सोमवार को भी बदला रहा मौसम

सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। वहीं झांसी, ललितपुर और बुंदेलखंड के अन्य क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ फर्रुखाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

5 जून तक फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल कमजोर पड़ रहा है, जिससे आंधी-बारिश का दायरा सीमित हुआ है। हालांकि 3 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 5 जून तक पूरे प्रदेश में देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश, ओलावृष्टि और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अच्छी बात यह है कि फिलहाल प्रदेश में लू चलने की संभावना नहीं है और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।