{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather Alert: लखनऊ से वाराणसी तक गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया अलर्ट

 

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ मौसम केंद्र ने 30 जुलाई के लिए जारी ताजा बुलेटिन में राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ओडिशा, दक्षिण झारखंड और छत्तीसगढ़ के ऊपर बना गहरा दबाव पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। वहीं मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, भिवानी, ग्वालियर और सीधी से होकर गुजर रही है। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा।

पश्चिमी यूपी में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

पूर्वांचल में भी सक्रिय रहेगा मानसून

वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर समेत पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश के भी आसार हैं। तराई क्षेत्रों में जलभराव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मध्य यूपी में भी बरसेंगे बादल

लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव, फतेहपुर, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद और कन्नौज में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और बाराबंकी में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। कानपुर मंडल में रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

तापमान में रहेगा बदलाव

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान मध्य और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि राज्य के अन्य क्षेत्रों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है। न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर आईएएफ और मेरठ में 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा धामपुर (बिजनौर) और मुजफ्फरनगर में 7 सेंटीमीटर, जबकि अलीगढ़, मुरादाबाद, हापुड़ और सरधना (मेरठ) में 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

तापमान की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान बस्ती में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। लगातार बारिश के कारण मेरठ और मुरादाबाद मंडल में दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।