{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather Alert: मानसून से पहले मौसम का यू-टर्न, आज वाराणसी समेत 13 जिलों में तेज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की संभावना जताई गई है, वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान बढ़ने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बारिश वाले इलाकों को छोड़कर अधिकांश जिलों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चक्रवाती प्रभाव के चलते पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा। वाराणसी, गोरखपुर, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, संतकबीरनगर, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, मिर्जापुर और सोनभद्र में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद भी वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि 14 जून के बाद प्रदेश में बारिश और आंधी की घटनाओं में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर और महोबा में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल जो राहत भरी ठंडक महसूस हो रही है, वह एक-दो दिन में खत्म हो सकती है और अधिकांश जिलों में गर्मी का असर फिर बढ़ने लगेगा।

उधर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी सोमवार को आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।