{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : यूपी में ठंड का डबल अटैक, घने कोहरे और कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट

 

उत्तर प्रदेश में सर्दी अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि ठंड का असर अब सिर्फ रात तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दिन में भी गलन और सिहरन लोगों को परेशान कर रही है। आने वाले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का यह कहर जारी रहने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी इसे लेकर चेतावनी जारी की है।

कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सकती है, वहीं लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आएंगे। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने 30 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों के लिए घना कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी से पश्चिमी यूपी तक ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में सुबह के समय घने से घना कोहरा छाने की संभावना है। यही स्थिति 31 दिसंबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बनी रह सकती है।

गोरखपुर से रामपुर तक घने कोहरे की चेतावनी

मंगलवार को देवरिया, गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

इसके अलावा कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, हरदोई, औरैया, प्रतापगढ़, अयोध्या, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मथुरा, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर और फर्रुखाबाद में भी ठंड और कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में दृश्यता 500 से 800 मीटर के बीच रह सकती है, जिसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

लखनऊ में भी कोहरे की मार

राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह घने कोहरे की चादर छाई रहेगी। कई इलाकों में विजिबिलिटी 500 से 700 मीटर तक सिमट सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 दिसंबर को लखनऊ का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं नोएडा में भी सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ होगी, हालांकि दिन चढ़ने के बाद मौसम कुछ हद तक साफ हो सकता है।

24 घंटे बाद बदल सकता है तापमान

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, फिलहाल अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद धीरे-धीरे अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। न्यूनतम तापमान में भी हल्का उछाल आने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।