UP Weather: आज भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे मेघ! IMD का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह तेज धूप खिली, लेकिन बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी बनी रही। धूप और बादलों के इस उतार-चढ़ाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी बनी हुई है। हालांकि, शुक्रवार से मौसम के साफ होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे पूर्वांचल के कई क्षेत्रों में मौसम का यही मिजाज बने रहने की उम्मीद है।
तेज हवाओं ने भी बढ़ाई मौसम की तल्खी
बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई जगह हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। कानपुर में सबसे तेज 76 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि तराई क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में पूर्वांचल के कई इलाकों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है