UP Weather : यूपी में बढ़ने लगी गर्मी, कई जिलों में 35 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, IMD ने बताया आगे कैसा रहेगा मौसम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। होली के दिन ही कई जगहों पर तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा, जिससे दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। दिन में तेज धूप निकलने के कारण अब लोगों को चुभन भरी गर्मी का एहसास होने लगा है। हालांकि 6 मार्च के बाद तेज हवाओं का सिलसिला भी थम जाएगा और मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना रहेगा। अनुमान है कि 10 मार्च तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
लखनऊ और नोएडा में बढ़ने लगा तापमान
राजधानी लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ है और दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने की संभावना है। यहां आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी रात के समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है, जहां न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।
बांदा सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 3.4 डिग्री अधिक है। इसके अलावा झांसी, आगरा, हमीरपुर और वाराणसी में भी तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे इन जिलों में भी गर्मी का असर स्पष्ट दिखा।
अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 7 से 8 मार्च के बीच प्रदेश में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। अगर यही स्थिति बनी रही तो मार्च के दूसरे सप्ताह में कई जिलों में तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का सीमित असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 6 मार्च के आसपास पहाड़ी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। हालांकि इसका असर मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित रहने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों, खासकर उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।