UP Weather : प्रदेश में अभी और सताएगी गर्मी, कई जिलों में आज लू का अलर्ट, 22 जून से प्री-मानसून देगा दस्तक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 10 दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं तेज धूप तो कहीं आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के 52 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम संबंधी घटनाओं में कई लोगों की जान भी चली गई। शुक्रवार को भी दोपहर बाद प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप रहने की संभावना है। वहीं प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रविवार से बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार से प्रदेशभर में मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। यही वजह है कि सोमवार से प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
22 जून से प्री-मानसून की गतिविधियां होंगी तेज
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, करीब एक सप्ताह बाद नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 22 जून के आसपास प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगेंगी। इसके प्रभाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं 25 जून के बाद प्री-मानसून की गतिविधियां प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच सकती हैं। हालांकि इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से चार से पांच दिन की देरी से आने की संभावना जताई जा रही है।
पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव देखा गया। इसी वजह से मेरठ, आगरा समेत कई जिलों में आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
लखनऊ में चार डिग्री तक गिरा तापमान
राजधानी लखनऊ में पिछले दो दिनों के दौरान मौसम का असर साफ दिखाई दिया। गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार को यह घटकर 36.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा।
बरेली रहा सबसे ठंडा
प्रदेश में हरदोई का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। वहीं बरेली का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और गर्मी तथा लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।