UP Weather : यूपी के 17 जिलों में आज लू का अलर्ट, 35 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 11 जून से बदलेगा मौसम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, वहीं पूर्वी और तराई क्षेत्रों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 35 जिलों में आंधी-बारिश और 17 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।
बुधवार तड़के नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर बना रहा।
11 जून से प्री-मानसून गतिविधियां होंगी तेज
मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से आंधी, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों में तेजी आएगी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
आंधी-बारिश से तीन लोगों की मौत
मंगलवार को लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, इटावा और आगरा समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। मौसम से जुड़ी घटनाओं में सीतापुर, इटावा और फिरोजाबाद में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
चित्रकूट में तेज आंधी के कारण श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं इटावा में करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान में उड़ता हुआ टिनशेड एक महिला तक पहुंच गया, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचा ली।
बांदा सबसे गर्म, आजमगढ़ सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में आजमगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?
11 जून
प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी जिलों में लू का असर बना रह सकता है।
12 जून
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
13 जून
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है।
14 जून
पूरे प्रदेश में गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहेगा।
15 जून
पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है। लू से राहत बरकरार रहेगी।
20 जून तक यूपी में दस्तक दे सकता है मानसून
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 11 जून से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ प्री-मानसून गतिविधियों को और मजबूत करेगा।
उनके मुताबिक 15-16 जून तक आंधी, तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो मानसून 20 जून के आसपास उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और अगले 10 दिनों के भीतर पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।