{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : यूपी में आज तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बरसात, इन 40 जिलों में येलो अलर्ट

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में काले बादल छाए हुए हैं और गरज-चमक के साथ बारिश व तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के दोनों संभागों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके साथ ही अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

40 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, 30 मार्च को प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

31 मार्च को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में बारिश के आसार

मेरठ, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, रामपुर, बरेली, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, इटावा, एटा, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, कानपुर, फिरोजाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, श्रावस्ती, बहराइच, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, हापुड़, मुरादाबाद समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

हालांकि, पूर्वांचल के कुछ इलाकों में आज मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

लखनऊ-नोएडा में भी बदलेगा मौसम

राजधानी लखनऊ में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, नोएडा में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

नोएडा में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिसमें अगले 24 घंटे में और गिरावट आ सकती है।

2 अप्रैल को सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 2 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो सकता है। इसके असर से प्रदेश में फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है और उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।