UP Weather : कोहरे की चादर में लिपटे कई जिले, अगले तीन दिनों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, जानें IMD का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ अब घने सफेद कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह-सवेरे प्रदेश के कई शहरों में 50 से 100 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की भविष्यवाणी के मुताबिक, 15 दिसंबर को भी कोहरे का असर बना रहेगा। हालात ऐसे हैं कि कई जिलों में दोपहर तक धूप के दर्शन नहीं होंगे, उसके बाद ही हल्की धूप निकलने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरनगर में रिकॉर्ड किया गया।
तराई इलाकों में घना कोहरा
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 14 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को जिन 8 जिलों में जीरो विजिबिलिटी की आशंका जताई गई है, उनमें शामिल हैं-गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में मध्यम से हल्का कोहरा
इसके अलावा बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर और श्रावस्ती में मध्यम से हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
वाराणसी और आसपास के जिलों में भी दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा।
लखनऊ में बढ़ेगा कोहरे का असर
राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह कोहरे की चादर छाई रहेगी और धीरे-धीरे इसका असर और बढ़ेगा। आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुबह के समय कोहरा रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।
तीन दिन बाद और बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले 3 से 4 दिनों में यूपी में ठंड और तेज होगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में गिरावट आएगी, जिससे दिन के समय भी ठिठुरन बढ़ेगी।