UP Weather : यूपी में कमजोर पड़ा मानसून, अगले 48 घंटे उमस और गर्मी करेगी परेशान; जानें कब फिर होगी झमाझम बरसात
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पूरे प्रदेश को कवर करने के बाद मानसून कमजोर होने से अगले 48 घंटों तक केवल हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
रविवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। हालांकि, कहीं-कहीं चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी।
25 जिलों में बारिश, 26 जिलों में गर्मी और उमस का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को प्रदेश के 25 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 26 जिलों में उमस और भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
सामान्य से 44% कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 4 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में केवल 44 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 118 मिमी बारिश होती है। यानी इस बार अब तक करीब 44 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
कई जिलों में हुई बारिश, जलभराव से बढ़ी परेशानी
बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ समेत 36 शहरों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। मथुरा में करीब दो घंटे की बारिश के बाद निचले इलाकों में जलभराव हो गया। हाथरस में 45 मिनट की तेज बारिश से कई सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया और कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। आगरा और इटावा में भी हल्की बारिश हुई।
दो दिन बाद फिर सक्रिय होगा मानसून
लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तरी ओडिशा तट के पास बने मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर हुआ है। इसके चलते अगले दो दिनों तक पश्चिमी और दक्षिणी यूपी के कुछ हिस्सों में ही हल्की बारिश होगी, जबकि पूर्वी और मध्य यूपी में उमस और गर्मी बढ़ने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि दो दिन बाद मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जिसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर फिर शुरू होने की उम्मीद है।