{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : कल से एक्टिव होगा नया पश्चिम विक्षोम, आज 18 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश ने अचानक मौसम का मिजाज बदल दिया है। सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ, कानपुर समेत कई जिलों में ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है।

 18 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 18 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज आंधी और ओलावृष्टि के भी आसार जताए गए हैं।

बताया गया है कि 7 अप्रैल से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 9 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा।

फसलों को भारी नुकसान

पिछले 48 घंटों में वाराणसी, कानपुर समेत करीब 25 जिलों में बारिश दर्ज की गई है। वहीं मथुरा, संभल, जालौन और कानपुर सहित कई इलाकों में ओले गिरने से गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है।

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश का तापमान भी गिर गया है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री से घटकर 38 डिग्री तक पहुंच गया है।

आंधी-बिजली से 15 लोगों की मौत

बीते तीन दिनों में खराब मौसम ने जानलेवा रूप भी लिया है। आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • कानपुर में 4
  • सीतापुर में 3
  • वाराणसी, चित्रकूट, सिद्धार्थनगर और ललितपुर में 2-2 लोगों की जान गई

 कहां कितना रहा असर

रविवार को बहराइच प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं इटावा में सबसे ज्यादा 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आने वाले 3 दिन का मौसम

 7 अप्रैल:
पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश, पश्चिमी यूपी में तेज बारिश और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी, ओले गिरने की संभावना।

 8 अप्रैल:
पूरे प्रदेश में बारिश, बिजली गिरने और आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि का खतरा।

 9 अप्रैल:
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश, पूर्वी हिस्सों में आंधी के साथ ओले गिर सकते हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों से दूर रहने और किसानों को अपनी फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।