UP Weather : नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, ठंड बढ़ने के साथ यूपी में बारिश के आसार, जानें IMD का लेटेस्ट अपडेट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सर्दी का सितम अभी थमने वाला नहीं है। प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और कोल्ड डे जैसे हालात बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 13 जनवरी को प्रदेश के 8 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी, जबकि करीब 20 से अधिक जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि पूर्वी यूपी में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद भी तापमान लगभग स्थिर बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 13 जनवरी के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 14 जनवरी को भी पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
कहीं घना कोहरा, कहीं खिली रहेगी धूप
मंगलवार को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, जालौन, इटावा और आगरा में कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, अयोध्या, बलिया, सीतापुर, अमेठी, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और आसपास के जिलों में दिन के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है।
लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप खिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले दो दिनों तक यहां मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। वहीं नोएडा में सुबह के समय घना कोहरा रहेगा, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नया पश्चिमी विक्षोभ बढ़ाएगा ठंड
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार 15 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके असर से दो-तीन दिन बाद उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 18 जनवरी के आसपास पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान बरेली में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गोरखपुर, कुशीनगर और सहारनपुर में शून्य दृश्यता वाला घना कोहरा देखने को मिला, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।