{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : आंधी-बारिश का दौर खत्म, अब गर्मी का ‘टॉर्चर’ होगा शुरू, एक हफ्ते में 10°C तक चढ़ेगा पारा​​​​​​​

 

UP Weather :उत्तर प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से चल रहा आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला अब थम चुका है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 11 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के साथ ही अब तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में किसी नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि अगले 10 से 15 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। साफ आसमान के कारण दिन के तापमान में तुरंत 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। 15 अप्रैल के बाद भी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, जिससे साफ है कि अब प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और ‘लू’ का सामना करना पड़ेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। गाजियाबाद में शनिवार सुबह से ही तेज धूप देखने को मिली। पिछले 36 घंटों में यहां तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि सुबह के समय 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने थोड़ी राहत दी, लेकिन दोपहर तक तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यहां पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है।

वहीं, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और कानपुर जैसे जिलों में भी सूरज के तेवर सख्त होते जा रहे हैं। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रयागराज और वाराणसी में तेज धूप और कम हवा के कारण उमस बढ़ेगी, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस होगी।

बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा और ललितपुर में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है और यहां पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। वहीं मेरठ और हापुड़ जैसे पश्चिमी जिलों में भी दिन के समय गर्मी का असर बढ़ेगा, हालांकि रात के समय अभी थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह में तापमान में 10 डिग्री तक उछाल आ सकता है, जिससे कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है। ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।