UP Weather : यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, चलेंगी तेज हवाएं, इन 13 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड अब धीरे-धीरे विदा ले रही है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने का अनुमान जताया है। 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पश्चिमी यूपी के करीब 13 जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी आशंका जताई गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मंगलवार को 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। 31.2 डिग्री के साथ हमीरपुर दूसरे और 31 डिग्री के साथ प्रयागराज तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस इटावा में दर्ज किया गया।
लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
फसलों को नुकसान की आशंका
यदि तेज हवाओं के साथ बारिश होती है तो गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। तेज हवा से फसल गिरने की आशंका है, जिससे दानों की गुणवत्ता प्रभावित होगी और पैदावार घट सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और कटी हुई फसलों को खुले में न रखने की सलाह दी है।
पड़ोसी राज्यों में भी बदला मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में भी मौसम ने करवट ली है। जयपुर, अलवर और टोंक समेत कई जिलों में बुधवार सुबह बारिश दर्ज की गई। जयपुर के आसपास के इलाकों में ओले भी गिरे, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई।
वहीं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी 18 फरवरी को बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान में हो रही बारिश का असर दोपहर या शाम तक यूपी के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों और किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।