{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : अगले दो दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज! चलेगी तेज हवाएं, गिरेगा तापमान

 

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति के बाद अब प्रदेश में तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, आज रात उत्तर-पश्चिम भारत को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा। इसके असर से 21 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज और 22 जनवरी के लिए प्रदेश के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है और किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

हालांकि 23 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट के साथ प्रदेश के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 24 जनवरी को भी कई शहरों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।

दो दिन बाद फिर गिरेगा तापमान

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के अलग-अलग शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है।

बीते 24 घंटों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई।