UP Weather : होली पर यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज! इन जिलों में बारिश के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। आसमान साफ है, दिन में तीखी धूप निकल रही है और दोपहर के समय गर्मी का एहसास बढ़ गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। हालांकि मंगलवार, 3 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं के साथ बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलावर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं। तेज धूप के कारण आगरा, मथुरा, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
आने वाले दिनों में भी मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। 5 मार्च तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में 31 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्म हवाओं का असर नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर और बिजनौर समेत कई जिलों में दिखेगा। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
होली पर पूर्वांचल में हल्की बारिश संभव
4 मार्च से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में दिखाई दे सकता है। इसके चलते गोरखपुर, देवरिया, गाज़ीपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और मीरजापुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट संभव है।
तापमान में धीरे-धीरे होगी और बढ़ोतरी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में भी फिलहाल स्थिरता रहेगी, हालांकि तीन दिन बाद उसमें भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।