UP Weather : अगले 5 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, आज कई जिलों आंधी-बारिश का अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। खासतौर पर पश्चिमी यूपी में आज से मौसम बिगड़ने की शुरुआत हो चुकी है।
India Meteorological Department (IMD) ने गुरुवार को बरेली, आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
पिछले सप्ताह शुरू हुआ आंधी-बारिश का सिलसिला मार्च के अंत तक जारी रह सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में बारिश नहीं हुई, जिससे तापमान में करीब 5°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तापमान प्रयागराज में 35.6°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान बिजनौर में 14.5°C रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 5°C तक गिरावट आ सकती है, जिससे हल्की ठंड का एहसास होगा।
अगले 5 दिन का मौसम पूर्वानुमान
-
27 मार्च: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना
-
28 मार्च: अधिकतर इलाकों में मौसम साफ, कुछ जगहों पर हल्की बौछारें
-
29 मार्च: पश्चिमी यूपी में बारिश और बिजली गिरने की आशंका
-
30 मार्च: पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी के आसार
-
31 मार्च: पश्चिमी यूपी में बौछारें, पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश
पश्चिमी यूपी के शहरों का हाल
-
गाजियाबाद: सुबह धूप, लेकिन अगले 24 घंटे में मौसम बदलने की संभावना
-
मेरठ: तेज धूप, तापमान 35°C के आसपास, AQI में बढ़ोतरी
-
आगरा: हल्की धूप, दोपहर बाद बादल और बूंदाबांदी का अनुमान
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश और बर्फबारी का सीधा असर यूपी के मौसम पर पड़ रहा है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं प्रदेश में तापमान गिरा रही हैं और मौसम को अस्थिर बना रही हैं।
किसानों के लिए चेतावनी
आंधी और बारिश का असर रबी और जायद फसलों पर पड़ सकता है। तेज हवाओं से गेहूं की फसल गिरने का खतरा है, वहीं अरहर, चना, मटर और अन्य फसलों की फलियां टूट सकती हैं। सब्जियों में भी फूल और छोटे फल गिरने की आशंका है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
किसानों के लिए सलाह
-
पकी हुई फसल की तुरंत कटाई करें
-
फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें
-
खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें
सरकार का बड़ा ऐलान
सरकार ने किसानों को राहत देते हुए कहा है कि यदि प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होता है, तो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम कर सकते हैं। कटाई के 14 दिनों के भीतर हुए नुकसान पर बीमा का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन सर्वे कर रिपोर्ट देगा, जिसके आधार पर मुआवजा तय किया जाएगा।