{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather Update: वाराणसी समेत 9 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, 26 जुलाई से फिर जोर पकड़ेगा मानसून

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वांचल के कुछ जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, वाराणसी, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, संत रविदास नगर (भदोही), मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

वहीं, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। धूप निकलने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

इस बीच सीतापुर के कुछ इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से पानी गांवों में प्रवेश कर गया है। एक गांव में कच्ची सड़क के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसके चलते ग्रामीण नाव के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 27 जुलाई के बीच मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।