{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather: यूपी में फिर बदला मौसम, आज 23 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

 

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। शनिवार को पश्चिमी यूपी और दिल्ली से सटे कई जिलों में मध्यम से लेकर तेज बारिश देखने को मिली। इसी बीच मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार से प्रदेश में मानसून की सक्रियता और बढ़ सकती है। इसके चलते 6 से 8 सितंबर के बीच यूपी के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। रविवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आगरा-मथुरा समेत इन जिलों में बारिश की चेतावनी

रविवार को भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में बिजनौर, ज्योतिबा फुले नगर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, एटा, महामायानगर, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, औरैया, मथुरा, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं और मैनपुरी शामिल हैं।

वहीं 7 सितंबर को हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और गोंडा में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, लगातार सक्रिय हो रहे मौसम तंत्र के आगे बढ़ने से अगले दो दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।

हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार से निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। फिलहाल लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।