{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Weather : पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड, तापमान 2–3°C गिरा, IMD ने बताया मौसम का लेटेस्ट अपडेट

 

UP Weather : उत्तर प्रदेश में पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी पछुआ हवाओं ने सर्दी का प्रकोप अचानक बढ़ा दिया है। बरेली, वाराणसी, जौनपुर समेत प्रदेश के 20 से अधिक शहर कोहरे की चपेट में हैं। शनिवार सुबह बरेली में दृश्यता मात्र 50 मीटर, जबकि वाराणसी में 500 मीटर रिकॉर्ड की गई। कोहरे की वजह से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई स्थानों पर हादसे भी हुए।

शाहजहांपुर में घने कोहरे के चलते रोडवेज बस और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें डीसीएम चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। बुलंदशहर में इस सीजन का सबसे कम तापमान 9°C दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी में कोहरे के कारण 8 ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं।

प्रदेश में सुबह से शाम तक सूर्य और बादलों की आवाजाही जारी है। बढ़ती ठंड के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने लगे हैं।

मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी

लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली पछुआ हवाएं तापमान को लगातार नीचे धकेल रही हैं। अगले 5 दिनों में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट की संभावना है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम तेजी से बदलेगा और कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक भोर के समय कोहरा अधिक घना रहेगा। कई जिलों में आने वाले दिनों में हल्का से मध्यम, जबकि कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। दिन चढ़ने पर कोहरा कम जरूर होता है, पर धुंध की परत पूरे दिन वातावरण में बनी रह सकती है।

कहां-कैसा रहा कोहरा?

  • घना कोहरा – बरेली (50 मीटर), मुरादाबाद व प्रयागराज (100 मीटर)

  • मध्यम कोहरा – अलीगढ़, आगरा, कानपुर, अमेठी

  • हल्का कोहरा – अयोध्या, कुशीनगर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर

  • लखनऊ – लगभग 800 मीटर दृश्यता के साथ हल्का कोहरा

मौसम विभाग ने लोगों से सुबह यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने और घने कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाने की सलाह दी है। ठंडी हवाओं के चलते अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ने की आशंका है।