UP Weather: आज यूपी में कहां होगी बारिश और कहां निकलेगी तेज धूप? जानें कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के बाद कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसका असर सुबह और शाम के समय भी देखने को मिल रहा है और हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि, अब मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही हैं।
आज यानी 1 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, प्रदेश के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। उत्तर भारत के साथ पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में मौसम में बदलाव के आसार हैं।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और गोरखपुर समेत कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की हिदायत दी गई है।
### क्यों बदल रहा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी व उत्तरी हिस्सों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर बने परिसंचरण के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।
आईएमडी ने कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है। दिल्ली, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, असम, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मानसून की विदाई के बाद बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 4 अक्टूबर के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहने की संभावना है। सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और धूप बढ़ने के साथ तापमान में भी इजाफा होगा।
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। यानी बारिश और ठंडक के बाद अब यूपी में धीरे-धीरे गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है।