विंध्य स्वर संध्या का शानदार आगाज, पहले दिन शास्त्रीय और उपशास्त्रीय संगीत से सजी शाम
मिर्जापुर के फतहां घाट पर आयोजित ‘विंध्य स्वर संध्या’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। शास्त्रीय और उपशास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केसरी के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मिर्जापुर के ऐतिहासिक फतहां घाट पर बुधवार की शाम आयोजित ‘विंध्य स्वर संध्या’ कार्यक्रम का शानदार आगाज हुआ। नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्यामसुंदर केसरी के कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस विशेष सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय और उपशास्त्रीय संगीत की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को सुरमय बना दिया।
कार्यक्रम के पहले दिन बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। घाट पर सजे भव्य मंच और गंगा तट के अद्भुत नजारों के बीच कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों का दिल जीत लिया।
देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने बिखेरा सुरों का जादू
‘विंध्य स्वर संध्या’ के पहले दिन काशी और कोलकाता से पहुंचे नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। प्रसिद्ध शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायिका विदुषी सुचरिता गुप्ता ने अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा और पं. देवव्रत मिश्रा की सितार वादन प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कोलकाता से आईं विदुषी विष्णुप्रिया चक्रवर्ती ने भी अपनी प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर दिया।
पद्म विभूषण पं. छन्नूलाल मिश्र की स्मृति में बनेगा ‘मुक्ताकाशी मंच
कार्यक्रम के दौरान पद्म विभूषण स्वर्गीय पंडित छन्नूलाल मिश्र की स्मृति में एक विशेष “मुक्ताकाशीय मंच” का लोकार्पण भी किया गया। आयोजकों के अनुसार इस मंच पर प्रत्येक शनिवार और रविवार को “विंध्य स्वर संध्या” के नाम से नियमित सांगीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह पहल मिर्जापुर को सांस्कृतिक और संगीत की नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
देशभर के प्रसिद्ध कलाकार देंगे प्रस्तुति
कार्यक्रम में काशी और कोलकाता से आए कई प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रमुख कलाकारों में प्रसिद्ध शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायिका विदुषी स्वरिता गुप्ता, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र, पं. देवव्रत मिश्र और विदुषी विष्णुप्रिया चक्रवर्ती शामिल हैं। संगीत प्रेमियों के लिए यह संध्या शास्त्रीय संगीत, उपशास्त्रीय गायन और सितार वादन का अनूठा संगम लेकर आएगी।
कई बड़े राजनीतिक और सांस्कृतिक चेहरे होंगे शामिल
कार्यक्रम में राजनीति और संस्कृति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आमंत्रण पत्र के अनुसार मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल मौजूद रहेंगी।
इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों में सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद, आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक रत्नाकर मिश्रा, विधायक रमाशंकर पटेल, विधायक सुचिस्मिता मौर्य और नेत्र चिकित्सक डॉ. आर.के ओझा कई अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देने की तैयारी
आयोजकों का कहना है कि “विंध्य स्वर संध्या” केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मिर्जापुर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का प्रयास है। कार्यक्रम के जरिए युवा पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत और परंपराओं से जोड़ने की पहल की जा रही है। काशी संगीत न्यास की अध्यक्ष प्रो. डॉ. नम्रता मिश्रा ने बताया कि आने वाले समय में इस मंच के माध्यम से नियमित संगीत आयोजनों की श्रृंखला चलाई जाएगी।
फतहां घाट बनेगा संगीत और संस्कृति का केंद्र
गंगा तट स्थित फतहां घाट पर होने वाला यह आयोजन मिर्जापुर के सांस्कृतिक इतिहास में एक खास अध्याय जोड़ सकता है। नगर पालिका परिषद और सांस्कृतिक संस्थाओं की इस संयुक्त पहल से स्थानीय कलाकारों और संगीत प्रेमियों को भी बड़ा मंच मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।