विनीत राय हत्याकांड में 2 और आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार
गाजीपुर। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपितों को सोमवार को चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रूहीपुर निवासी शिवम दुबे और सोहिलापुर बबेड़ी निवासी रहमान अली उर्फ गोल्डेन के रूप में हुई है। जांच के दौरान दोनों की घटनास्थल पर मौजूदगी के साक्ष्य मिले थे, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 29 मई को शहर के बिंदु होटल के गेट पर होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की बदमाशों ने पांच गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय, आलोक दुबे, कमलेश बिंद, सोनू यादव और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी वाराणसी ने नामजद आरोपितों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में नामजद आरोपी कमलेश बिंद पहले ही पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि शंकर पांडेय, आलोक दुबे और सोनू यादव अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और चौकी प्रभारी रजागंज अभिनव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।