वृंदावन नाव हादसा: मौत का आंकड़ा पहुंचा 15, तीसरे दिन मिले दो और शव, एक अब भी लापता
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी पर हुआ दर्दनाक नाव हादसा पूरे देश को झकझोर रहा है। वृंदावन के घाटों पर जहां भक्ति और श्रद्धा का माहौल था, वहीं अचानक यह हादसा चीख-पुकार में बदल गया जब श्रद्धालुओं से भरी नाव बीच धारा में पलट गई।
हादसे के तीसरे दिन राहत और बचाव अभियान के दौरान एक और शव बरामद हुआ है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। अभी भी एक व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को डूबे पंजाब निवासी यश भल्ला उर्फ युवराज का शव केशीघाट के पास देवराहा बाबा घाट किनारे से मिला। शव की हालत काफी खराब थी, जिससे पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान यह शव बरामद किया।
इसी दिन एक महिला मोनिका का शव भी यमुना से निकाला गया। गौरतलब है कि इस हादसे में कुल 16 लोग लापता हुए थे। अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है।
प्रशासन की ओर से ड्रोन और विशेष टीमों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।