सुबह से था बिल्कुल एक्टिव, लंच भी किया...अचानक बाथरूम में गिरा 7वीं का छात्र, हार्ट अटैक से मौत
मेरठ के मवाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। बसंत वैली पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र कुनाल शर्मा की अचानक मौत हो गई। छुट्टी के बाद कुनाल स्कूल के वॉशरूम गया था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। करीब 15 मिनट तक ई-रिक्शा चालक के इंतजार करने के बाद जब उसकी तलाश शुरू की गई तो वह स्कूल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
कुनाल मवाना के मोहल्ला काबिली गेट, कलावदा रोड निवासी धर्मेंद्र शर्मा का बेटा था। वह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन साक्षी और छोटा भाई संचित शर्मा है। कुनाल रोजाना ई-रिक्शा से स्कूल आता-जाता था।
सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे स्कूल की छुट्टी हुई। ई-रिक्शा चालक बच्चों को लेने के लिए बाहर इंतजार कर रहा था। बाकी बच्चे रिक्शे में बैठ गए, लेकिन कुनाल बाहर नहीं आया। करीब 15 मिनट इंतजार करने के बाद चालक उसे तलाशने स्कूल के अंदर पहुंचा। पहले उसने कक्षा में देखा, लेकिन कुनाल वहां नहीं मिला। एक छात्र ने बताया कि वह वॉशरूम गया है।
इसके बाद चालक स्कूल स्टाफ के साथ वॉशरूम पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्कूल स्टाफ छत के रास्ते ऊपर पहुंचा और अंदर देखा तो कुनाल फर्श पर पड़ा हुआ था। दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन वह बेहोश था और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं।
स्कूल की ओर से तत्काल परिजनों को सूचना दी गई। पिता धर्मेंद्र शर्मा बच्चे को लेकर मवाना के दो अलग-अलग निजी डॉक्टरों के पास पहुंचे। दोनों डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन कुनाल को मेरठ के सुशीला जसवंत राय अस्पताल भी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।
परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने अचानक हार्ट अटैक या हार्ट फेल होने को मौत की वजह बताया। कुनाल की मां अनीता और पिता धर्मेंद्र का कहना है कि उनके बेटे को पहले कभी दिल से जुड़ी कोई बीमारी या परेशानी नहीं हुई थी। परिवार के लिए यह घटना बेहद सदमे वाली है।
कुनाल के पिता धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह स्कूल गया था। स्कूल से फोन आया कि वह टॉयलेट में गिर गया है। जब वे बच्चे को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बसंत वैली स्कूल के प्रबंधक अमित राणा के मुताबिक कुनाल छुट्टी से कुछ देर पहले वॉशरूम गया था। उन्होंने बताया कि बच्चा सुबह से बिल्कुल सामान्य और एक्टिव था। उसने ठीक से लंच भी किया था और उसे किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने से स्कूल स्टाफ भी हैरान है।
कुनाल की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस भी उसके घर पहुंची। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने और किसी तरह की पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार बच्चे के शव को लेकर घर लौट गया।