यूपी में बदला मौसम का मिजाज, 20 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट; 61 जिलों में हीटवेव की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं तेज धूप और भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और ठंडी हवाओं ने राहत पहुंचाई है। रविवार सुबह लखनऊ, महराजगंज और संभल में बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रयागराज, आगरा, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रही। बीच-बीच में धूप निकलने से उमस भी महसूस की गई।
शनिवार देर रात लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, उन्नाव, फतेहपुर, जालौन और बहराइच में झमाझम बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते मौसम सुहाना हो गया। हालांकि फतेहपुर में आंधी के दौरान एक पेड़ सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
20 जिलों में बारिश, 61 में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के करीब 20 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं 61 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी है, इसलिए लोगों को अभी एक-दो दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
हालांकि, जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी, वहां भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
30 जून के बाद मानसून की एंट्री की उम्मीद
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, यदि पूर्वी हवाओं का प्रभाव बना रहा तो अगले एक-दो दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
उन्होंने बताया कि मानसून पिछले 15-16 दिनों से बिहार सीमा से सटे महराजगंज के पास रुका हुआ है। सामान्य तौर पर मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी होने के कारण करीब 9 से 10 दिन की देरी हो रही है। अब 30 जून या उसके बाद प्रदेश में व्यापक मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना है।
प्रयागराज सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर और बांदा में 42.6 डिग्री सेल्सियस तथा वाराणसी में 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अगले 5 दिनों का मौसम
29 जून: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश, जबकि पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश के आसार।
30 जून: पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश और पूर्वी यूपी में तेज आंधी व बारिश की संभावना।
1 जुलाई: पश्चिमी यूपी में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में तेज बारिश के साथ गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद।
2 जुलाई: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि पूर्वी जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
3 जुलाई: पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश के आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।