यूपी में मौसम ने ली करवट : कई जिलों में बारिश से गिरा पारा,19 जिलों में आज भी आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में तेज आंधी और बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, गोरखपुर में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बलिया में 64 मिलीमीटर तथा बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48-48 मिलीमीटर वर्षा हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव से बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद समेत पश्चिमी तराई क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। हालांकि बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। झांसी 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
आज भी आंधी-बारिश की संभावना
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
ओलावृष्टि की भी चेतावनी
अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
13 जून के बाद बढ़ सकती है गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 13 जून से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद प्रदेश में एक बार फिर तापमान बढ़ने और गर्मी का असर तेज होने की संभावना है।
फिलहाल बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक सावधानी बरतने की सलाह दी है।