यूपी में मौसम लेगा करवट: कहीं घना कोहरा, कहीं बारिश, 48 घंटे में 6 डिग्री तक गिर सकता है पारा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज कोहरा और हल्की बारिश का दोहरा असर देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बदले हुए मौसम के चलते अगले 48 घंटों में पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, 28 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी यूपी में कोहरे के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। 29 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी—दोनों ही संभागों में कोहरा छाए रहने का अनुमान है, इसके लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
28 जनवरी को इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार (28 जनवरी) को हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इन जिलों में छाएगा घना कोहरा
आज मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, प्रयागराज, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, इटावा, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, एटा और फर्रुखाबाद में 100 से 500 मीटर तक दृश्यता वाला कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने की संभावना है।
लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले 24 घंटे बाद हल्का कोहरा भी नजर आ सकता है। अनुमान है कि आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा, हालांकि अगले 24 घंटे में तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली से सटे नोएडा में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
30 जनवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से तापमान में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।