खाना बनाने को लेकर हुआ पति से हुआ झगड़ा, पत्नी ने काट दी पति को जीभ
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद एक खौफनाक वारदात में बदल गया। मोदीनगर थाना क्षेत्र के संजय पुरी इलाके में खाना बनाने को लेकर हुए झगड़े के दौरान पत्नी ने अपने दांतों से पति की जीभ काट दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, संजय पुरी निवासी 26 वर्षीय विपिन की शादी 6 मई 2025 को ईशा नाम की युवती से हुई थी। शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है। सोमवार शाम को दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर पत्नी ने पति की जीभ पर दांतों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस चौकी ले आई। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि घायल विपिन को पहले गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया है। यह वारदात रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।
सुबह जब ईशा के मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिली तो वे ससुराल पहुंचे। इसके बाद ससुराल और मायके पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल रहीं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।