{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मायके जाने की जिद पर अड़ी तो पति ने दांतों से काटी पत्नी की नाक, गुस्साई मां ने ननद से लिया बदला

 

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मायके जाने को लेकर हुए विवाद में पति पर पत्नी की नाक काटने का आरोप है। इसके बाद गुस्साई पत्नी की मां ने कथित तौर पर अपनी 18 वर्षीय ननद की नाक काट दी। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना पडुआ थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि प्रीति अपने मायके में होने वाले पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जाना चाहती थी, लेकिन उसके पति श्रवण कश्यप ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में पति ने पत्नी की पिटाई करने के बाद उसकी नाक काट दी।

घायल प्रीति ने तत्काल अपने मायके फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके माता-पिता और अन्य परिजन ससुराल पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद और मारपीट शुरू हो गई।

इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची श्रवण की 18 वर्षीय बहन मोनी पर भी हमला हुआ। आरोप है कि प्रीति की मां ने गुस्से में उसकी नाक काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि शुरुआती विवाद पति-पत्नी के बीच हुआ था, जिसके बाद दोनों परिवार भी इसमें शामिल हो गए। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।